top of page

हमें इस बारे में बात करनी होगी

Writer: Darshan Jain
Darshan Jain
Oct 1
7 min read

Updated: Oct 2

मैं इस महीने हमारे देश में बिहार से लेकर दिल्ली तक हुई शर्मनाक और भयावह घटनाओं की इस पूरी श्रृंखला के बारे में कुछ कहने से खुद को रोकने की बहुत कोशिश कर रहा था। लेकिन इन घटनाओं ने एक बार फिर हमें महिलाओं की सुरक्षा की कठोर वास्तविकता का सामना करने पर मजबूर कर दिया है।

यह बात मुझे सोचने पर मजबूर करती है कि हम क्या बन चुके हैं, क्या बनते जा रहे हैं, और हम उस मोड़ पर कैसे पहुँच गए जहाँ - जब मैं यह लिख रहा हूँ और जब आप इसे पढ़ रहे हैं - कहीं न कहीं कोई न कोई पुरुषों से असुरक्षित है। किसी की गरिमा, उसका दायरा, उसकी निजता, उसका शरीर और उसकी ज़िंदगी लगातार खतरे में है। गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आँकड़े इस वास्तविकता को साफ़ तौर पर दिखाते हैं।और ये सिर्फ वही मामले हैं जो दर्ज हुए। शर्म, डर या इस विश्वास के कारण कि कुछ नहीं होगा, अनगिनत मामले तो कभी पुलिस स्टेशन तक पहुँच ही नहीं पाते। हम पुरुषों ने - खुद को “सबसे बुद्धिमान प्रजाति” मानने वाले पुरुषों ने - हज़ारों वर्षों से अपने अधिकार की भावना के साथ यह मान लिया कि दुनिया हमें चलानी है और वह भी हमारे तरीके से। हम ऐसा बर्ताव करते हैं जैसे बाकी सब हमसे कमतर हैं और उन्हें हमारे बनाए नियमों और इच्छाओं के हिसाब से जीना चाहिए। हमने एक ऐसी दुनिया बनाई जहाँ हर फैसला हम लेते हैं। हम तय करते हैं और निर्देश देते हैं कि लोगों को कैसे जीना चाहिए - उनका पहनावा, उनकी बोली, शिक्षा और संस्थानों तक उनकी पहुँच, उनकी शादी, और सबसे महत्वपूर्ण - उनकी अंतरंगता और शारीरिक स्वायत्तता (अपने शरीर पर अधिकार)। विकास और महत्वाकांक्षा की इस अंधी दौड़ में एक प्रजाति, एक देश और एक इंसान के रूप में हमने जो दुनिया बनाई है जहाँ महिलाएँ और जेंडर-डाइवर्स लोग सुरक्षित ही नहीं हैं। हाँ, इसे हमने ही बनाया है। भले ही किसी भी जेंडर का व्यक्ति इन नुकसानदेह तरीकों में शामिल हो सकता है, लेकिन वर्चस्व और दमन का यह पूरा माहौल हमारी ही देन है। मेरा मानना है कि कोई भी व्यक्ति जन्म से स्वभावतः बुरा या दुष्ट नहीं होता। एक नवजात बच्चा कभी किसी को चोट पहुँचाने का इरादा लेकर पैदा नहीं होता। इससे यह समझ आता है कि हम वैसे बनते हैं, जैसे हमें ढाला जाता है और जैसा हम खुद बनना चुनते हैं। और जब मैं परवरिश की बात करता हूँ, तो मेरा मतलब सिर्फ़ परिवार और देखभाल करने वालों से नहीं है - हालाँकि उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इसके साथ-साथ समाज, हमारी शिक्षा व्यवस्था, वह समय जिसमें हम जी रहे हैं और हमारी भौगोलिक वास्तविकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। और यह भी नहीं भूलना चाहिए कि इसमें धर्म की कितनी बड़ी भूमिका होती है। हर एक पहलू हमारी सोच को गढ़ता है और इस बात को प्रभावित करता है कि हम खुद को कैसे देखते हैं और यह दुनिया हमारे लिए कितनी सुरक्षित या खतरनाक है - क्या कोई खुद जैसा रह सकता है और अपनी पसंद के फैसले ले सकता है, या फिर अपनी पूरी ज़िंदगी अपने आसपास के पुरुषों के नियमों और उम्मीदों से बंधकर बिता देता है। इस सबमें पुरुषों के पास ही सत्ता है और ज़्यादातर फैसले वही ले रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूँ: पुरुषों के रूप में हमें यह अधिकार किसने दिया कि हम पुरुष-सत्ता से बाहर के हर व्यक्ति की ज़िंदगी के छोटे से छोटे विकल्पों से लेकर बड़े से बड़े फैसले तय करें? किसने दिया हमें यह हक? हम अक्सर यह जुमला सुनते हैं कि "महिलाएं परिवार, समाज या देश की शान हैं" - पुरुषों की अपनी सुविधा और ज़रूरत के हिसाब से। नहीं, वे आपकी शान नहीं हैं - यह सोच आपकी असुरक्षा, आपकी सत्ता खोने के डर और अपना नियंत्रण खोने के डर से आती है। हर व्यक्ति सबसे पहले खुद में एक स्वतंत्र इंसान है; आप खुद अपनी शान बन सकते हैं। किसी पर गर्व महसूस करना अलग बात है और किसी को “अपनी शान” बताकर उस पर अपना अधिकार जताना और उसे अपने हिसाब से चलाना बिल्कुल अलग बात है। हर धर्म, व्यवस्था और रिवाज़ के पास महिलाओं के लिए राय और नियम क्यों हैं? यह सब पुरुषों द्वारा, पुरुषों के लिए ही क्यों बनाया गया और बाकी सब पर क्यों थोपा गया? यही हमारी वास्तविकता है। नियंत्रण रखने की यही इच्छा और उसे खोने का डर, गहरी असुरक्षाओं और हताशा के साथ मिलकर तब सबसे घिनौना रूप ले लेता है जब हम महिलाओं और अन्य जेंडर्स का अनादर करते हैं, उन्हें छेड़ते हैं, उनका यौन उत्पीड़न करते हैं, बलात्कार करते हैं, हत्या करते हैं और उनके साथ ऐसी चीजें करते हैं जिनके बारे में सोचा भी नहीं जा सकता।  अभी जो हो रहा है, वह व्यवस्था के साथ-साथ समाज की भी विफलता है। फैसला लेने वाले लोग - तथाकथित आदरणीय राजनीतिक नेताओं और धार्मिक गुरुओं से लेकर कानून-व्यवस्था और न्यायपालिका में बैठे लोगों तक ,जुर्म करने वाले अपराधियों से लेकर वे महिलाएँ जो इन सबका दर्द झेल रही हैं, सभी इसी समाज से आते हैं।  मुझे नहीं पता कि हर एक दिन डर के साये में जीना कैसा होता है, लेकिन बहुत से लोग ऐसा जीवन जी रहे हैं। तो यह हमारे बारे में क्या बताता है, उन पुरुषों के बारे में जो इस बात को समझ ही नहीं पाते? कहने को बहुत कुछ है और यह सब मुझे भीतर तक गुस्से और दुख से भर देता है। दुनिया के तथाकथित सबसे बड़े लोकतंत्र में, दुनिया की सबसे पुरानी और समृद्ध संस्कृतियों में से एक होने के बावजूद, हमने पाखंड को अपना लिया है और उसे सामान्य बना दिया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही लड़कियों ने रोज़मर्रा के उत्पीड़न और अपने दर्दनाक अनुभवों के बारे में खुलकर बात की है।और अगर आप अपने आसपास की महिलाओं और जेंडर-डाइवर्स लोगों से बात करें, तो आपको ऐसी ही या इससे भी बदतर वास्तविकताएँ सुनने को मिलेंगी।हम किसका इंतज़ार कर रहे हैं?

हमें कब एहसास होगा कि हम हर दिन कुछ गलत कर रहे हैं?

हम महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे वे हमारी संपत्ति हों, और जेंडर-डाइवर्स लोगों के साथ ऐसा जैसे उनका होना ही शर्म की बात हो।

अक्सर हम सुनते हैं :

“अरे, लेकिन हमने तो उन्हें इसकी इजाज़त दी है…”

लेकिन हम कौन होते हैं किसी को किसी चीज़ की इजाज़त देने वाले?

हर व्यक्ति यहाँ अपनी ज़िंदगी अपने तरीके से जीने के लिए है।

फिर भी यह मालिकाना सोच हमारे पूरे समाज में फैली हुई है - संस्कृति और सामाजिक मानदंडों के नाम पर लोगों को अपनी बात मानने के लिए तैयार किया जाता है, और अगर वे इनसे बाहर निकलें तो उन्हें नुकसान पहुँचाने का डर दिखाया जाता है। इससे पहले कि मैं आगे बढ़ूँ: जब मैं “हम पुरुष” कहता हूँ, तो मेरा मतलब यह नहीं है कि हर पुरुष शिकारी या अपराधी है, या हर महिला पीड़ित है - या इसके उलट।  मैं पूरे माहौल और ढर्रे की बात कर रहा हूँ। भारत, दुनिया के ज़्यादातर हिस्सों की तरह, अपनी जड़ों में पितृसत्तात्मक (Patriarchal) है, और इस मामले में कुछ समाज दूसरों की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं। लेकिन हम उस चीज़ को ठीक नहीं कर सकते जिसे स्वीकार करने से हम इंकार करते हैं, और जिस व्यवस्था से हमें फायदा मिलता है उसकी जिम्मेदारी लेना ही पहला कदम है। तो फिर क्या करने की ज़रूरत है? हाँ, फिलहाल के लिए सख्त पुलिसिंग, ज़्यादा निगरानी (Surveillance) और कठोर सजा की ज़रूरत है। यह जुर्म को अस्थायी रूप से रोक सकता है, ठीक वैसे ही जैसे किसी ज़ख्म पर पट्टी बांधना, लेकिन जल्द ही देश के किसी दूसरे हिस्से में फिर ऐसा ही होगा। निगरानी और सजा का डर अस्थायी सुरक्षा तो दे सकता है, लेकिन आज़ादी की कीमत पर मिलने वाली सुरक्षा असली सुरक्षा नहीं है। वह तो एक तरह का लेन-देन है।  सुरक्षा एक मौलिक अधिकार है - अधिकार से भी बढ़कर, यह किसी भी प्रजाति के जीवित रहने की बुनियादी ज़रूरत है। बाहर सिर्फ इसलिए निकल पाना क्योंकि आपकी सुरक्षा के लिए पुलिस मौजूद है, सुरक्षा नहीं है। घर में सिमटकर रहना भी सुरक्षा नहीं है; हम जानते हैं कि लोग अपने ही घरों में अपनों के बीच कितनी बार असुरक्षित होते हैं। असली सुरक्षा यह जानना है कि आप कभी भी, कहीं भी घूम सकते हैं, तब भी जब आसपास कोई न हो - बिना डर के एक विचार के भी बेखौफ़ अस्तित्व। सच्ची सुरक्षा अपने घर और ऐसे समाज में रहना है जहाँ आप ऐसे लोगों से घिरे हों जिन पर आप भरोसा करते हैं - ऐसे लोग जो आपको सुरक्षित महसूस कराते हैं ताकि आपको कभी खुद से यह सवाल ही न पूछना पड़े कि आप सुरक्षित हैं या नहीं। 

असली बदलाव हमारे अंदर से आना होगा।

हमें बैठकर इस बात पर सोचना होगा कि हम क्या कर रहे हैं और क्यों। महिलाओं और अन्य जेंडर्स को लेकर अपनी सोच पर सवाल उठाइए। आप जैसा सोचते हैं, वैसा क्यों सोचते हैं? अगर आपने कभी किसी को दुख पहुँचाया है, तो आप गहराई से यह बात जानते हैं। सोचिए कि आपने ऐसा क्यों किया।यह गलत धारणाओं, अनदेखे डर और उन हानिकारक मानसिक ढाँचों से आता है जिन्हें हमने कहीं से अपनाया है या जिन्हें हमें “ऐसा ही होता है”  मानने के लिए तैयार किया गया है। उस पर तब तक विचार कीजिए जब तक आप उसकी जड़ तक न पहुँच जाएँ और अपनी गलतियों को पहचान न लें। हमें खुद से, अपने समाज से, अपने नियमों से और अपनी मान्यताओं से सवाल पूछना शुरू करना होगा। जैसा कि किसी ने यूट्यूब पॉडकास्ट पर कहा था, "लोकतंत्र की शुरुआत घर से होती है।" हर चीज़ की शुरुआत घर से होती है। अगर लोग अपने ही घरों में आज़ादी से नहीं रह सकते, तो बाकी किसी भी चीज़ का क्या मतलब रह जाता है? जहाँ तक मेरी बात है, मैं इतना भाग्यशाली रहा हूँ कि मेरा बचपन कुछ बेहद शानदार महिलाओं के बीच बीता। और मैंने हर जेंडर के ऐसे लोगों को जाना है जो प्रेरणादायक हैं और आपको वैसे ही रहने देते हैं जैसे आप हैं। फिर भी, मुझसे भी गलतियाँ हुई हैं और मैंने लोगों का दिल दुखाया है, जिसके लिए मैं दिल से शर्मिंदा हूँ और माफी चाहता हूँ। काश, मुझे उस समय बेहतर समझ होती। यह किसी परिपूर्ण और पूरी तरह नुकसान से मुक्त समाज को बनाने की बात नहीं है  - यह कोई काल्पनिक आदर्शलोक (Utopia) नहीं है। यह हम सभी के लिए एक ऐसी स्वतंत्र दुनिया और समाज की दिशा में काम करने की बात है, जहाँ हम साथ रह सकें, आगे बढ़ सकें और विकसित हो सकें। इस सब के बीच जो चीज़ हिम्मत और उम्मीद देती है, वह है लोगों को बाहर निकलकर विरोध करते और गलत के खिलाफ आवाज़ उठाते देखना। लड़कियां और युवा अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं और सत्ता से सवाल पूछ रहे हैं, और कहीं न कहीं एक समाज और व्यक्ति के रूप में हम सभी को आत्म-चिंतन करने के लिए कह रहे हैं - हमारी उम्मीद वहीं टिकी है। हमें इस बारे में बात करने की ज़रूरत है। 




Comments


© 2026 by Darshan Jain. All rights reserved.

Made with curiosity, coffee, and a wee bit of  love.

bottom of page